नगर निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए सीख, झामुमो के लिए उपलब्धि होंगे: सुप्रियो भट्टाचार्य

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए सीख, झामुमो के लिए उपलब्धि होंगे: सुप्रियो भट्टाचार्य


रांची, 23 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य की जनता ने नगर निकाय चुनाव में स्पष्ट संकेत दिया है। मतदाताओं ने सरकार की कार्य योजनाओं पर विश्वास जताया है और आने वाले नगर निगम चुनाव परिणाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बड़ी सीख साबित होंगे, जबकि झामुमो के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

सुप्रियो भट्टाचार्य सोमवार को मोर्चा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहरी निकाय चुनाव में सुबह सात बजे से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और देर शाम तक लोग मतदान के लिए कतार में खड़े रहे। उन्होंने अनुमान जताया कि इस बार मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव के 49 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है तथा अंतिम घंटे में मतदान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

उन्होंने चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों, पुलिस कर्मियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद दिया। साथ ही स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर बूथ केंद्रों में बदलाव के कारण प्रारंभिक भ्रम की स्थिति बनी, लेकिन समग्र रूप से मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि लोगों ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाते हुए बढ़-चढ़कर मतदान किया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story