राज्यसभा चुनाव में इंडी गठबंधन का समर्थन करेगी भाकपा-माले, 'वोट बचाओ अभियान' का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा चुनाव में इंडी गठबंधन का समर्थन करेगी भाकपा-माले, 'वोट बचाओ अभियान' का ऐलान


रांची, 14 जून। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा है कि उनकी पार्टी इंडी गठबंधन के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्षी एकता के आधार पर गठबंधन राज्यसभा चुनाव में सफलता प्राप्त करेगा। साथ ही उन्होंने लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को मजबूत करने के लिए विपक्षी दलों के बीच एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।

रविवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान गरीबों, दलितों, प्रवासी मजदूरों तथा अल्पसंख्यक समुदाय के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।

भाकपा नेता ने कहा कि झारखंड के विभिन्न इलाकों से भी मतदाता सूची में नाम कटने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए उन्होंने घोषणा की कि भाकपा-माले राज्यभर में वोट बचाओ अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने और मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा।

छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। उन्होंने नीट, सीयूईटी, सीबीएसई, एसएससी तथा अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि भाकपा-माले छात्रों और युवाओं के आंदोलनों का समर्थन करती है तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करती है।

देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक असमानता आज आम जनता के सामने गंभीर चुनौतियां बनकर खड़ी हैं। उन्होंने रोजगार सृजन, सार्वजनिक निवेश बढ़ाने, किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा तथा आम लोगों की आय बढ़ाने वाली नीतियों को लागू करने की आवश्यकता बताई।

दीपांकर भट्टाचार्य ने बताया कि भाकपा-माले की दो दिवसीय राज्य कमेटी की बैठक 13 और 14 जून को हटिया गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, श्रमिक अधिकारों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। इसके साथ ही 16 जुलाई से अगस्त माह तक देशव्यापी जनअभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी इस अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाएगी और केंद्र तथा राज्य सरकारों की नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार करेगी। पार्टी का उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता के मुद्दों को व्यापक स्तर पर जनता के बीच ले जाना है।

प्रेस वार्ता में भाकपा-माले के राज्य सचिव मनोज भक्त, पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो, विधायक अरूप चटर्जी, विधायक चंद्रदेव महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story