झारखंड में पहली बार 'नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस' का आयोजन, जुटेंगे देशभर के वैज्ञानिक व नीति निर्माता

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में पहली बार 'नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस' का आयोजन, जुटेंगे देशभर के वैज्ञानिक व नीति निर्माता


रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में पहली बार नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस 2026 का आयोजन 10 से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का उद्देश्य वानिकी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है।

झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने शुक्रवार को वन भवन में पत्रकार वार्ता में बताया कि झारखंड वन विभाग भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई), देहरादून और इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट प्रोडक्टिविटी, लालगुटवा के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक कुमार ने कहा कि फॉरेस्ट्री यानी वानिकी केवल पेड़ों और जंगलों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण और लोगों की आजीविका से भी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस में 12 प्रमुख थीम पर चर्चा की जाएगी। इनमें जल विज्ञान, वन्यजीव, आजीविका, वन शासन और जलवायु परिवर्तन समेत वानिकी से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

उन्होंने बतायाकि इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे शोध और अनुभवों के आधार पर पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान तलाशना है। आयोजन के दौरान अलग-अलग विषयों पर समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिन वैज्ञानिकों और शोधार्थियों के शोध सार स्वीकार किए जाएंगे, उन्हें अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मौखिक प्रस्तुति और पोस्टर प्रस्तुति की व्यवस्था रहेगी। पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से भी प्रतिभागी अपने शोध, निष्कर्ष और विचार विशेषज्ञों के सामने रख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य वानिकी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को एक साझा मंच पर लाकर ठोस सुझाव और समाधान विकसित करना है। जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच सतत वन प्रबंधन को बढ़ावा देना भी इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन से वैज्ञानिक शोध, नीतिगत विचारों और जमीनी अनुभवों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण और जलवायु सुनिश्चित करने की दिशा में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story