दुर्गापूजा से पहले आउटसोर्स-एनएचएम कर्मियों के बकाया मानदेय का करें भुगतान : नेहा अरोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गापूजा से पहले आउटसोर्स-एनएचएम कर्मियों के बकाया मानदेय का करें भुगतान : नेहा अरोड़ा


रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ नेहा अरोड़ा ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में आउटसोर्स एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मियों का बकाया मानदेय भुगतान दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों से पहले सुनिश्चित किया जाए।

अरोड़ा शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक मेंविभिन्न जिलों में मानदेय भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दे रही थीं।समीक्षा के दौरान कई जिलों के अधिकारियों ने जुलाई और अगस्त तक के मानदेय भुगतान की जानकारी दी। इसपर विशेष सचिव ने निर्देश दिया कि सितंबर माह तक का सभी बकाया मानदेय भुगतान किया जाए, ताकि त्योहारों से पहले कर्मियों के बैंक खातों में राशि पहुंच सके।उन्होंने कहा कि यदि किसी जिले को मानदेय भुगतान के लिए अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है, तो तत्काल विभाग को मांग भेजी जाए। विभाग आवश्यक राशि उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मी का मानदेय त्योहार से पहले लंबित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में सहियाओं के मानदेय भुगतान की भी समीक्षा हुई। विशेष सचिव ने सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी कि सहियाओं को 12 हजार रुपये का मानदेय मिला है या नहीं। इसके लिए उन्होंने भुगतान विवरण और भुगतान पत्रक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा सके।बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल तथा सभी जिलों के सिविल सर्जन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story