झारखंड के अस्पतालों में अब बोलकर तैयार होगा मरीजों का प्रिस्क्रिप्शन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के अस्पतालों में अब बोलकर तैयार होगा मरीजों का प्रिस्क्रिप्शन


- रिम्स और सदर अस्पताल, रांची में तत्काल सुविधा शुरू करने का निर्देश- एआई से अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत का होगा आकलन

रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के अस्पतालों में अब चिकित्सक बोलकर मरीजों का प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर सकेंगे। इसके लिए मौजूदा हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचआईएमएस) में वॉयस-टू-स्पीच तकनीक लागू की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने रिम्स और सदर अस्पताल, रांची में इस सुविधा को तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद इसे राज्य के अन्य अस्पतालों में भी लागू किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से चिकित्सकों का समय बचेगा। साथ ही मरीजों की जांच, उपचार और डिस्चार्ज समरी तैयार करने की प्रक्रिया भी आसान होगी।

उन्होंने मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की प्रयोगशालाओं का डिजिटाइजेशन तत्काल शुरू करने तथा रिम्स में पीएसीएस सुविधा चालू करने को कहा।

बैठक में एचआईएमएस से प्राप्त आंकड़ों का डाटा एनालिटिक्स के माध्यम से विश्लेषण कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की वास्तविक जरूरत का आकलन करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए मानक निर्धारित करने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के उद्देश्य से विभागीय समिति गठित की जाएगी।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा रिम्स, सदर अस्पताल, सीडैक और बीएसएनएल के प्रतिनिधि मौजूद थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story