मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शुल्क में वृद्धि पर संघ ने जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शुल्क में वृद्धि पर संघ ने जताया विरोध


रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क में लगातार दूसरे वर्ष वृद्धि किए जाने पर झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन ने विरोध जताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में लगभग 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी गरीब, मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ है।

अजय राय ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकांश विद्यार्थी मजदूर, किसान और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद ये विद्यार्थी मेहनत से पढ़ाई कर बेहतर भविष्य का सपना देखते हैं। ऐसे में परीक्षा शुल्क में लगातार वृद्धि उनकी शिक्षा के रास्ते में बाधा उत्पन्न करेगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा कोई व्यापार नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। एक ओर सरकार सरकारी विद्यालयों में नामांकन और शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, दूसरी ओर परीक्षा शुल्क बढ़ाकर गरीब विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

एसोसिएशन ने राज्य सरकार से बढ़ी हुई परीक्षा फीस की समीक्षा कर पुरानी दरें बहाल करने और कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष छूट देने की मांग की। राय ने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर विद्यार्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story