स्कूली बसों में सुरक्षा को लेकर कडी कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
स्कूली बसों में सुरक्षा को लेकर कडी कार्रवाई की मांग


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)।

रांची में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं, खासकर नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हालिया घटनाओं में एक आराेपित का स्कूल वैन चालक होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यह न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि स्कूल परिवहन व्यवस्था में भारी लापरवाही को भी उजागर करता है। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बस और वैन चालकों के अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि अधिकांश स्कूली वाहन बिना सहायक स्टाफ के संचालित हो रहे हैं, जो बच्चों की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है।

राय ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग के निर्देशों के बावजूद नियमों की अनदेखी हो रही है। एसोसिएशन ने सभी चालकों का वेरिफिकेशन, प्रत्येक वाहन में अधिकृत स्टाफ की नियुक्ति और संयुक्त जांच अभियान चलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story