रामगढ़ के हर प्रखंड में होगा एक मॉडल पंचायत : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ के हर प्रखंड में होगा एक मॉडल पंचायत : डीसी


रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। जिले की ग्रामीण सरकार को डीसी ऋतुराज ने एक बार फिर जगा दिया है। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में 30 दिन के अंदर पंचायत ज्ञान केंद्र का संचालन शुरू हो जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हर प्रखंड में एक मॉडल पंचायत बनाने का भी ऐलान किया है। डीसी ने गुरुवार को समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने इन दो मुद्दों पर जोर दिया।

पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं को प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने के उद्देश्य से डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय के सभागार में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का आंकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पंचायत ज्ञान केंद्रों की समीक्षा के दौरान डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को 30 दिनों के भीतर इन केंद्रों को पूरी तरह संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

डीसी ने 15वें वित्त आयोग के तहत वर्ष 2025-26 में चयनित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की चयनित योजनाओं में कम-से-कम 60 प्रतिशत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

डीसी ने सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की कम से कम एक पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को प्रत्येक माह न्यूनतम चार पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की निगरानी करने को कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story