आठ सूत्री मांगों को लेकर पांच अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे पंचायत सहायक
रांची, 29 जुलाई (हि.स.)। राज्य स्तरीय पंचायत सहायक संघ, झारखंड प्रदेश ने अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में पांच अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पांच अगस्त को राज्यभर के पंचायत सहायक मोराबादी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के समीप एकत्र होंगे। इसके बाद सभी जुलूस की शक्ल में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे।
संघ का आरोप है कि पंचायत सहायकों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। समय पर मानदेय का भुगतान नहीं होने तथा कम मानदेय के कारण पंचायत सहायकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता, पंचायत सहायकों का मासिक मानदेय 25,000 रुपये किए जाने, वार्षिक ग्रामसभा अनुमोदन की अनिवार्यता समाप्त करने तथा पंचायत सचिव के पदों पर 70 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग शामिल है। इसके अलावा अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की भी सरकार से अपील की गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

