सावन में जगमगाएगा पहाड़ी मंदिर क्षेत्र, प्लास्टिक मुक्त रहेगा शिवालय

WhatsApp Channel Join Now
सावन में जगमगाएगा पहाड़ी मंदिर क्षेत्र, प्लास्टिक मुक्त रहेगा शिवालय


सावन में जगमगाएगा पहाड़ी मंदिर क्षेत्र, प्लास्टिक मुक्त रहेगा शिवालय


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। भगवान भोलेनाथ का पावन महीना सावन 30 जुलाई से शुरू हो होगा। सावन का महीना सनातन-धर्मियों के लिए भगवान शिव को समर्पित होता है। सावन में शिवभक्तों की भीड़ शिवालयों में उमड़ती है। इसे लेकर रांची नगर निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम ने शहर के पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा नदी स्थित कांवड़ जल उठाव स्थल, सुरेश्वर धाम चुटिया सहित प्रमुख शिवालयों में सफाई, पेयजल, लाइटों की व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की हैं। नगर निगम ने बताया कि पहाड़ी मंदिर परिसर और मार्ग पर 100 सफाई मित्रों की तैनाती की गई है। वहीं स्वर्णरेखा घाट पर 40 और शहर के विभिन्न मंदिरों के आसपास करीब 1200 सफाई कर्मी लगाए गए हैं।

सावन में तीन पालियों में सफाई अभियान चलेगा। रविवार और सोमवार को अतिरिक्त टीमों की तैनाती की जाएगी। वहीं, मंदिर मार्गों पर झाड़ू, कचरा उठाव, झाड़ियों की कटाई, ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का नियमित छिड़काव किया जाएगा।

पहाड़ी मंदिर मार्ग और स्वर्णरेखा घाट के आसपास के गड्ढों को करीब 12 हाईवा स्टोन डस्ट डालकर समतल किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति या जलजमाव से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी ) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सावन के दौरान भक्तों की सुरक्षित आवाजाही के लिए नगर निगम ने पांच विशेष टीमों से पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा घाट और आसपास के क्षेत्रों में 364 स्ट्रीट लाइट की जांच-परखकर रोशनी की व्यवस्था की है। इनमें से 189 खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया है। पहाड़ी मंदिर, शनि मंदिर से अपर बाजार, शहीद चौक से बहु बाजार, चर्च रोड, प्रगति पथ और सुरेश्वर धाम मार्ग पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था भी की गई है।

श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक रविवार और सोमवार को पहाड़ी मंदिर मार्ग पर 08 वाटर टैंकर, स्वर्णरेखा कांवड़ जल उठाव स्थल और सुरेश्वर धाम समेत चुटिया में 04 वाटर टैंकर लगाए जाएंगे। सभी मॉड्यूलर और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई और नियमित रखरखाव के निर्देश दिए गए हैं।

बरसात और तेज हवा के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए पहाड़ी मंदिर मार्ग पर करीब 40 पेड़ों के डालियों की छंटाई कराई गई है। वहीं पहाड़ी मंदिर और शहर के प्रमुख शिवालयों के आसपास ‘नो प्लास्टिक जोन’ घोषित किया गया है। नगर निगम ने दुकानदारों और श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story