झारखंड में 40 लाख लोगों की मधुमेह-रक्तचाप की हुई जांच

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 40 लाख लोगों की मधुमेह-रक्तचाप की हुई जांच


रांची, 04 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ओर से गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत झारखंड में वर्ष 2025-26 के दौरान 40 लाख से अधिक लोगों की डायबिटीज और उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की स्क्रीनिंग की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में जांच, निदान और उपचार के दायरे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

यह जानकारी देते हुए एनसीडी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ लाल माझी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्यभर में 40,07,710 लोगों की डायबिटीज जांच की गई। इससे बड़ी संख्या में मरीजों की समय पर पहचान संभव हो सकी।

उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क दवाओं और नियमित फॉलो-अप के कारण मरीजों में शुगर नियंत्रण की स्थिति में भी सुधार हुआ है।

इसी प्रकार हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

वर्ष 2025-26 में 40,31,159 लोगों के रक्तचाप की जांच की गई, जिसमें 2,21,335 नए मरीजों में उच्च रक्तचाप की पहचान कर उन्हें तत्काल निःशुल्क उपचार से जोड़ा गया। नियमित निगरानी और दवा सेवन के कारण 13,668 मरीजों का रक्तचाप नियंत्रित स्तर पर लाने में सफलता मिली है।

आईईसी कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य सहिया, सीएचओ और एएनएम की सक्रिय भूमिका को दिया। वहीं एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों से वर्ष में कम से कम एक बार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में शुगर और बीपी की निःशुल्क जांच कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story