विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, जरूरतमंदों में परिसंपत्तियों का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, जरूरतमंदों में परिसंपत्तियों का वितरण


विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, जरूरतमंदों में परिसंपत्तियों का वितरण


देवघर, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रखंड सभागार में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सचिव डीएलएसए संदीप निशीत बारा, डिप्टी चीफ डीएलएसए ममता कुमारी, सहायक ज्योति कुमारी, अमित चंद्र तथा डीएलएसए अधीक्षक संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता कुमारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना है। उन्होंने बताया कि बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर और महिलाओं के उत्पीड़न या अन्य शिकायतों के लिए महिला हेल्पलाइन 15100 पर दी जा सकती है।

सहायक ज्योति कुमारी ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 की जानकारी देते हुए कहा कि पीड़ित महिलाएं इस कानून के तहत कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं। वहीं अमित चंद्र ने बताया कि किसी भी घटना की स्थिति में निकटतम थाना जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर सकता है, जिससे साक्ष्यों के नष्ट होने की संभावना कम हो जाती है। डीएलएसए अधीक्षक संजय प्रसाद ने भी विधिक सेवाओं और आम लोगों के अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

सचिव डीएलएसए संदीप निशीत बारा ने अपने संबोधन के दौरान मध्य विद्यालय कमल कन्या, जसीडीह की कक्षा आठवीं की छात्रा करुणा कुमारी से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। छात्रा ने आत्मविश्वास और प्रभावी ढंग से प्रस्तावना पढ़कर सुनाई, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और कल्याण एवं शिक्षा विभाग की ओर से छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया।

संदीप निशीत बारा ने बताया कि इस प्रकार के विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर प्रत्येक तीन महीने पर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को त्वरित न्याय और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत में पारा लीगल वॉलंटियर की नियुक्ति की गई है, जो ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कृषि पदाधिकारी शशांक शेखर ने किया। इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण रावत, नीलू कुमारी, डेविड गुड़िया, मीनाक्षी कुमारी, मेधा कुमारी, सुशील हेंब्रम, सुनील कुमार, बहादुर वर्मा, उमेश कुमार सहित जेएसएलपीएस की दीदियों को 16.5 लाख रुपये का चेक दिया, जिससे उनकी आजीविका और आय में वृद्धि की संभावना है।

शिविर में पीएलवी सेतु सुमन, संजीव कुमार मुर्मू, राहुल कुमार, रंजीत कुमार, सुबोध कुमार, नीरज कुमार, रोशन कुमार सिंह (बीपीओ) सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story