झारखंड में मंगलवार को गर्जन, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मंगलवार को गर्जन, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी


रांची, 29 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में मंगलवार को गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

मौसम विभाग ने सोमवार को जारी पूर्वानुमान में बताया कि राज्य के विभिन्न इलाकों में 5 जुलाई तक गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 49.6 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में दर्ज की गई। वहीं सर्वाधिक तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में और सबसे कम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 37.1 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.2 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.1 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.4 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story