झारखंड के 11 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 11 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट


रांची, 25 मई (हि.स.)। झारखंड के 11 जिलों में 26 और 27 मई को बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है, उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

इधर, राज्यभर में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान कोडरमा में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दिनभर उमस और तेज धूप के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। प्रचंड गर्मी के चलते दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखी गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story