झारखंड में 11-12 जून को भारी बारिश, वज्रपात और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 11-12 जून को भारी बारिश, वज्रपात और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी


रांची, 10 जून (हि.स.)। झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 11 और 12 जून को गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के प्रभाव और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की ओर से बुधवार को बताया गया कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड सहित ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पहुंचने की प्रबल संभावना है। मानसून के आगमन के साथ राज्य में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। इस अवधि में सबसे अधिक 37.2 मिलीमीटर वर्षा दुमका में रिकॉर्ड की गई।

वहीं तापमान के मामले में डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, जिससे लोगों को मौसम में बदलाव की उम्मीद थी। हालांकि दोपहर बाद आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी बढ़ गई। दिनभर लोगों को गर्म हवाओं और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार को राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा। रांची में अधिकतम 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह

*जमशेदपुर में अधिकतम 38.4 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41.4 डिग्री और न्यूनतम 29.0 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 38.1 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 37.8 डिग्री, न्यूनतम 25.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से किसानों, खुले क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों और ग्रामीण इलाकों के निवासियों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि मानसून के आगमन से पहले राज्य में मौसम तेजी से बदल सकता है और कई क्षेत्रों में तेज बारिश, वज्रपात तथा आंधी की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story