झारखंड के आठ जिलों में 17-18 अगस्त को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के आठ जिलों में 17-18 अगस्त को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट


रांची, 15 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में 17 और 18 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त को लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 अगस्त को लातेहार, पलामू, चतरा और हजारीबाग में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा जिले के बोलबा में 76.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 33.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और मध्यम दर्जे की बारिश हुई। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और धूप खिली रही।

रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 25.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 और न्यूनतम 25.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 17 और 18 अगस्त को संबंधित जिलों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story