किसी परिवार के दुख को राजनीतिक मंच बनाना अमानवीय : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
किसी परिवार के दुख को राजनीतिक मंच बनाना अमानवीय : इरफान


रांची, 17 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने विपक्ष पर मृतकों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी परिवार के दुख को राजनीतिक मंच बनाना अमानवीय है।

उन्होंने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जामताड़ा की जनता विकास चाहती है, राजनीतिक ड्रामा नहीं, इसलिए विपक्ष को इस तरह की राजनीति बंद करनी चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिस महिला की मृत्यु हुई, वह पहले से गंभीर रूप से बीमार थीं और चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है। यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही, प्रशासनिक चूक या किसी भी स्तर पर दोष सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डॉ अंसारी ने अस्पताल परिसर में हुई कथित तोड़फोड़, हंगामा और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि अस्पताल कोई राजनीतिक अखाड़ा नहीं है। कानून हाथ में लेने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने या अराजकता फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story