चतरा में पांच लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चतरा में पांच लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार


चतरा में पांच लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार


चतरा, 24 नवंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगढ़ा इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने एक किलो 40 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोिपत की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुवारी गांव निवासी देवराज यादव के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है।

मंगलवार को डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि शेरेगढ़ा इलाके में अफीम की अवैध खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक पियेश प्रसुन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अखिलेश कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक किलो 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित से पूछताछ कर अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आरोपित अफीम कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति किसे करने वाला था। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी छानबीन की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का पिता देवराज यादव भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत अफीम तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story