रांची के हर वार्ड में बनेगा ओपन जिम, संजय सेठ ने किया स्थल निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
रांची के हर वार्ड में बनेगा ओपन जिम, संजय सेठ ने किया स्थल निरीक्षण


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)।

राजधानी रांची को स्वास्थ्य, फिटनेस और आधुनिक नागरिक सुविधाओं में कदम उठाते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री-सह-सांसद संजय सेठ और महापौर रोशनी खलखो ने एयरपोर्ट कॉलोनी में बुधवार को ओपन जिम निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर उप महापौर नीरज कुमार भी मौजूद थे।

यह निरीक्षण शहर के प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन की दिशा में प्रारंभिक पहल है।

उल्लेखनीय है कि रांची नगर निगम परिषद की बैठक में संजय सेठ ने शहर के प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित कराने की घोषणा की थी, ताकि प्रत्येक नागरिक- विशेषकर युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को अपने ही वार्ड में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं व्यायाम की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सके। इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से संभावित स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित होने से लोगों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

वहीं मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को केवल मूलभूत नागरिक सुविधाएं ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित होने से नागरिकों को अपने घर के पास ही स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा और यह पहल स्वस्थ रांची, सशक्त रांची के संकल्प को नई गति देगी।

महापौर ने कहा कि यह परियोजना शहर के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओपन जिम की सुविधा विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी एवं प्रत्येक वार्ड में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। साथ ही जल्दभ निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की।

रांची नगर निगम की ओर से इस महत्वाकांक्षी योजना को चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि आने वाले समय में शहर का प्रत्येक वार्ड आधुनिक ओपन जिम सुविधा से सुसज्जित हो सके और रांची स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करे।

इस अवसर पर नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और अभियंता भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story