सीसीएल ने की 20 महीने में सिर्फ एक मांगों की पूर्ति : जेएलकेएम
रामगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। जेएलकेएम और सीसीएल के बीच 20 महीने पहले हुए समझौते का असर अब दिखाना शुरू हुआ है। सीसीएल के कर्मा प्रोजेक्ट में विस्थापितों और प्रभावित ग्रामीणों की सुविधा को लेकर जेएलकेएम ने सीसीएल प्रबंधन से वार्ता की थी। 31 दिसंबर 2024 को कर्मा प्रोजेक्ट सुगिया परियोजना पदाधिकारी ने 10 सूत्री मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था।
20 महीने बीत जाने के बाद सिर्फ एक मांग अब पूरी की गई है। इस मुद्दे पर जेएलकेएम के जिला सचिव प्रभु दयाल महतो ने असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि सीसीएल के साथ हुई वार्ता के बावजूद ग्रामीणों को सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। दुर्भाग्य की बात यह है कि 20 महीने के बाद 10 में से सिर्फ एक मांग पूरी हुई और ग्रामीणों को एक स्कूल बस प्रबंधन ने उपलब्ध कराया।
उन्होंने कहा कि विस्थापितों के बच्चों के लिए सीसीएल को काफी कुछ करना होगा। गांव के आसपास प्रदूषण कम हो, वहां मिट्टी की गुणवत्ता बरकरार रहे, इस पर भी सीसीएल प्रबंधन को कार्य करना होगा। रोड सेल के कोयला में 75 फ़ीसदी हिस्सा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को बेसिक दर पर मिलना चाहिए। उन्होंने 20 महीने पहले 10 सूत्री मांग पर लगी मुहर पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और जल्द से जल्द सभी मांगों को पूरा करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

