आरटीई के तहत ऑनलाइन लॉटरी में 35 स्कूलों में 89 बच्चों का चयन
रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों की प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए रांची जिले में दूसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी बुधवार को संपन्न हुई। उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में 35 निजी स्कूलों के लिए 89 बच्चों का चयन किया गया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। वर्ष 2026-27 के दूसरे चरण में नामांकन के लिए कुल 224 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और सत्यापन के बाद सभी 224 आवेदनों को ऑनलाइन लॉटरी के लिए योग्य पाया गया।
जिले के 39 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध 183 सीटों पर चयन प्रक्रिया की गई। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से 35 विद्यालयों में 89 बच्चों का चयन हुआ। चयनित बच्चों को संबंधित स्कूलों में बिना किसी शुल्क के नामांकन मिलेगा और कक्षा आठवीं तक की शिक्षा निःशुल्क होगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों को चयनित बच्चों का नामांकन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है।
पहले और दूसरे चरण को मिलाकर अब तक आरटीई के तहत कुल 722 सीटों पर नामांकन सुनिश्चित किया गया है। प्रशासन ने कहा कि आरटीई के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
लॉटरी के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, सहायक जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रीमा कुजूर, एडीपीओ सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

