करंट लगने से एक की मौत, मुआवजे काे लेकर सडक जाम

WhatsApp Channel Join Now
करंट लगने से एक की मौत, मुआवजे काे लेकर सडक जाम


गोड्डा, 14 जुलाई (हि.स.)। करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की बताई जाती है। मृतक की पहचान मोहम्मद नौशाद (40) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, नौशाद अपने खेत में काम करने घोघर बहियार गया था, जहां खेत के बीचों-बीच बिजली का तार गिरा हुआ था। तार हटाने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास के मजदूरों ने उसे तुरंत सड़क तक लाकर रेफरल अस्पताल महागामा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को एक व्यक्ति के दरवाजे पर रखकर विरोध जताया। परिजनों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने बोरिंग के लिए खींचा गया तार तेज हवा और बारिश के कारण खेत में गिर गया था, जिससे यह हादसा हुआ।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दहिया मोड़ स्थित अब्दुल्ला चौक मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना पर पुलिस निरीक्षक उमेश महतो और हनवारा थाना प्रभारी ध्रुप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था और प्रशासन दोनों पक्षों के बीच वार्ता में जुटा हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story