सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल
रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलवे बस्ती में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक के पास खड़े एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही टाटीसिल्वे थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टाटीसिल्वे थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित चार चक्का वाहन तेज गति से आया और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

