ऑटो और बाइक की टक्कर में एक की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
ऑटो और बाइक की टक्कर में एक की मौत, तीन घायल


खूंटी, 19 अगस्त (हि.स.)। रनिया-मर्चा मुख्य मार्ग पर बुधवार को ब्लांकेल मोड़ के समीप ऑटो और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक चालक विल्सन पूर्ति (40) की मौके पर ही मौत हो गयी।

हादसे में बाइक पर सवार मृतक के पिता मार्यानुस पूर्ति और बेटी प्रतिमा पूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं ऑटो में सवार किरण कोंगाड़ी भी गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विल्सन पूर्ति अपने पिता और बेटी के साथ पोजे गांव से रनिया गढ़सिदम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ब्लांकेल मोड़ के पास सामने से आ रहे ऑटो से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गयी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए खूंटी रेफर कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर रनिया पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ऑटो को भी जब्त कर लिया है। इस मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story