तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा घायल
दुमका, 07 मई (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर कुरमाहाट गांव के समीप बुधवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक अब भी इलाजरत है।
मृतक की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के बड़ेत गांव निवासी विजय मिर्धा के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक राजू मिर्धा बताया जा रहा है। दोनों आपस में सगे भाई थे। जानकारी के अनुसार दोनों भाई किसी आवश्यक कार्य से कुरमाहाट बाजार गए हुए थे। काम समाप्त कर बाइक से वापस घर लौटने के दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहे होपन मरांडी भी कार की चपेट में आ गए। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद वह रातभर झाड़ियों में घायल अवस्था में पड़े रहे।
परिजनों द्वारा खोजबीन किए जाने पर गुरुवार सुबह घटनास्थल के समीप बेहोशी की हालत में उन्हें बरामद किया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सरैयाहाट स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इधर दुर्घटना में घायल दोनों भाइयों को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान विजय मिर्धा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि विजय मिर्धा की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी।
उनकी एक वर्ष की बेटी है। जबकि उनकी पत्नी गर्भवती भी है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगी। वह बार-बार यही कहती रही कि “अब मेरा और मेरे पेट में पल रहे बच्चे का सहारा कौन बनेगा।” इस मार्मिक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विजय मिर्धा का शव हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर बड़ेत गांव के समीप सड़क पर रखकर जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक और इनोवा कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

