मिनी ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत
दुमका, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर नोनीहाट चौक के समीप साेमवार काे एक सड़क हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा कच्ची मिर्च से लदे एक मिनी ट्रक (जेएच 04 ऐसी 0701) की चपेट में आने से हुआ। मृतक की पहचान नोनीहाट पंचायत के मोहबनना गांव निवासी जागेश्वर मांझी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वे प्रतिदिन की तरह नोनीहाट बाजार से अपने घर मोहबनना जा रहे थे। इसी दौरान दुमका की ओर से आ रही तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल जागेश्वर मांझी को बेहतर इलाज के लिए दुमका ले जाया जा गया। जहां ईलाज के दौरान मौत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। मृतक के परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन देकर आश्रित को उचित मुआवजा देने एवं मिनी ट्रक चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

