नगर निगम कर्मियों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम कर्मियों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल


देवघर, 16 मई (हि.स.)। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन के बैनर तले देवघर नगर निगम के कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की।

अध्यक्ष संजय मंडल के नेतृत्व में नगर निगम डिपो से एक विशाल रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए देवघर नगर निगम कार्यालय पहुंची। रैली में सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी और सफाईकर्मी शामिल हुए। हड़ताल का नेतृत्व कर रहे संजय मंडल ने कहा कि नगर निगम कर्मियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

उन्होंने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से समय पर वेतन भुगतान, पीएफ और ईपीएफ जमा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कर्मचारियों के बकाया भुगतान की बात उठाई जाती है, तो फंड की कमी का हवाला दिया जाता है। संजय मंडल ने कहा कि राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित सरकार है और देवघर नगर निगम में भी मेयर तथा उपमेयर उसी दल के समर्थित हैं, ऐसे में फंड की कमी का बहाना उचित नहीं है।

कर्मचारियों ने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। कई कर्मी कर्ज और महाजनों के चंगुल में फंस चुके हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और इलाज तक के लिए पैसे जुटाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा पीएफ और ईपीएफ की राशि अविलंब जमा की जाए। संजय मंडल ने चेतावनी दी कि यदि वार्ता के बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो सफाईकर्मी और अन्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story