अवैध विदेशी शराब की बिक्री मामले में आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अवैध विदेशी शराब की बिक्री मामले में आरोपित गिरफ्तार


रांची, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 बोतल शराब बरामद की है। मामले में देवी मंडप नायक चौक स्थित अक्षय जनरल स्टोर के संचालक अक्षय अनिल को गिरफ्तार किया गया है।

सुखदेवनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नायक चौक हेसल पूजा पंडाल के पीछे अवैध रूप से विदेशी शराब बेची जा रही है। इससे पूजा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच असामाजिक गतिविधियों की आशंका थी।

सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अक्षय जनरल स्टोर के पास काफी संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे। इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई, जहां से विभिन्न ब्रांड की कुल 52 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

इनमें गॉडफादर बीयर की 24 पीस, टुबॉर्ग बीयर की 7 पीस, अल्ट्रामैक्स बीयर की 10 पीस, आई-कॉनिक की 8 बोतल और बीपी कंपनी की 375 एमएल की 3 बोतल शामिल हैं। पुलिस ने दुकान संचालक अक्षय अनिल को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित शराब से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बरामद शराब को जब्त कर दुकान को सील कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story