रेलवे स्टेशन गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशन गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार


बोकारो, 24 फ़रवरी (हि.स.)।बोकारो रेलवे स्टेशन के टेम्पो स्टैंड के समीप 22 फरवरी 2026 की देर शाम को हुई सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। युवक सचिन यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपित बलराम कुमार उर्फ भोलू विश्वकर्मा (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक उजला जैकेट और मोबाइल फोन बरामद किया है।

घटना के संबंध में मृतक के छोटे भाई मिथलेश कुमार की लिखित शिकायत पर रेल थाना बोकारो में 23 फरवरी मामला दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि लगभग एक माह पूर्व उसके जीजा धनंजय कर्मकार के साथ सचिन और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ा और घटना वाली रात बहस के दौरान उसने गुस्से में गोली चला दी।

गोली लगने के बाद घायल सचिन को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना के दृश्य कैद होने की बात सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक रेल चक्रधरपुर मनीष कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने मनसा सिंह गेट के पास से आरोपित को दबोचा। आरपीएफ बोकारो और बालीडीह थाना पुलिस के सहयोग से यह सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व में बालीडीह थाना और आरपीएफ पोस्ट में लगभग 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story