सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम अरविंद प्रसाद बताया गया है। वह मूल रुप से बिहार के आरा का रहने वाला है। इसके पास से स्टांप एवं पैड, दिल्ली क्राइम ब्रांच का एक फर्जी आईकार्ड, तीन कैंटिन स्मार्ट कार्ड, एमईएस का दो फर्जी आईकार्ड, एचसीएल इंटरप्राइजेज का एक फर्जी आईकार्ड, चार आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, वोटर आईकार्ड, ड्राईविंग लाईसेंस, दो सीम कार्ड, एक ट्रेंनिंग बुकलेट, एग्रिमेंट पेपर, ज्वाईनिंग एवं पोस्टिंग इनफॉरमेंशन से संबंधित एक लेटर, पांचवा युथ गेम ऑल इंडिया नेशनल चैंपियनशीप 2024 का अलग-अलग नाम से पांच फर्जी सर्टिफिकेट, मन्नु ठाकुर का एमईएस- सीडब्लूई रॉची का फर्जी ज्वाईंनिंग लेटर एवं अन्य का फर्जी दस्तावेज बरामद किया गया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस की विशेष सूचना पर मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इसके बाद लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस और चुटिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आर्मी, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) विभागों में नौकरी का झांसा देकर कई लोगों से करीब 70 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य अरविंद प्रसाद को रांची के चुटिया से गिरफ्तार किया गया है।

छापेमारी के क्रम में उसके पास से आर्मी बहाली से संबंधित कई महत्वपूर्ण फर्जी दस्तावेज को बरामद किया गया है, जिसके आलोक में वादी मुन्ना कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर कुल-07 नामजद अभियुक्तों के विरूद्ध चुटिया थाना में (कांड सं0-45/2026) दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार ठग अरविंद प्रसाद की लग्जरियस लाइफस्टाइल को देखकर युवक इसके जाल में फंसते थे। ये लोगों को गुमराह कर पहले पैसा लेता था। उसके बाद नौकरी के लिए फर्जी कागजात देता था। एसपी ने बताया कि इस गिरोह के बारे में और भी जानकारियां जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story