चेक बाउंस मामले में एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चेक बाउंस मामले में एक गिरफ्तार


चेक बाउंस मामले में एक गिरफ्तार


दुमका, 24 जून (हि.स.)। चेक बाउंस करने के तीन साल पुराने मामले में नगर थाना की पुलिस ने दुधानी निवासी संजीव कुमार दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर की है। संजीव कुमार दास के विरुद्ध दुमका न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था। जानकारी के अनुसार दुधानी निवासी सह प्रज्ञा केन्द्र के संचालक वीरेन्द्र कुमार साह एवं आरोपित संजीव कुमार दास दोनों ही पड़ोसी है और तीन साल पहले संजीव कुमार दास ने वीरेन्द्र से 1.20 लाख रूपये कर्ज के रूप में लिया था। बकाए राशि की मांग कई बार संजीव से की गई। दबाव बनाने पर उसने 1.20 लाख रूपये का एक चेक वीरेन्द्र साह को थमा दिया। जब चेक को बैंक में जमा किया गया तो वह बाउंस हो गया।

इसके बाद संजीव पर लगातार रूपये के लिए दबाव बनाया गया। लेकिन वह रूपये नहीं दे रहा था। इस बावत वीरेन्द्र साह ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में केस दर्ज कराई। अदालत के आदेश पर नगर थाने में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मंगलवार को न्यायालय से आरोपित के विरुद्ध गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजीव दास को गिरफ्तार कर केन्द्रीय कारा भेज दिया है। अनुसंधानकर्ता सह एसआई रंजित मंडल ने बताया कि न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story