चोरी के तीन मवेशी के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चोरी के तीन मवेशी के साथ तस्कर गिरफ्तार


चोरी के तीन मवेशी के साथ तस्कर गिरफ्तार


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में मवेशियों की चोरी और अवैध रूप से वध के लिए ले जाने का मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मवेशियों को एक मैजिक वाहन में क्रूरता पूर्वक बांधकर कुसई कॉलोनी, डोरंडा ले जाया जा रहा था।

डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि बुधवार की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि राजाउलातु से कुटियातु चौक होते हुए एक मैजिक वाहन में तीन मवेशियों को बांधकर वध के लिए डोरंडा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कुटियातु चौक के पास 89 ग्राउंड के समीप वाहन को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखते ही मैजिक वाहन का चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा। हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित की पहचान अमित कुमार सिंह (25 वर्ष), निवासी अमेठिया नगर, नामकुम के रूप में हुई। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें तीन मवेशी क्रूरता पूर्वक बंधे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मवेशियों को चोरी कर वध के लिए कुसई कॉलोनी, डोरंडा ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मैजिक वाहन संख्या जेएच 01ईएन -0520, तीनों मवेशियों और एक रेडमी फाइव जी मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नामकुम थाना (कांड संख्या 329/26 )दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story