योग दिवस पर बच्चों ने सीखा योगासन और स्वस्थ जीवन के मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
योग दिवस पर बच्चों ने सीखा योगासन और स्वस्थ जीवन के मंत्र


योग दिवस पर बच्चों ने सीखा योगासन और स्वस्थ जीवन के मंत्र


रामगढ़, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर के बाजारटांड़ स्थित एमएसवीएम किड्स वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही प्राणायाम और ध्यान की विधियों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों की सक्रिय सहभागिता और अनुशासित योगाभ्यास ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ जीवन के साथ-साथ आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। कम उम्र में ही बच्चों को योग से जोड़ना उन्हें भविष्य में स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की दिशा में प्रेरित करता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया और विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्वस्थ जीवन, निरोगी समाज और समृद्ध राष्ट्र की कामना की। विद्यालय परिवार ने योग शिविर की सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story