जेएलकेएम के शिविर में 41 मामलों का त्वरित निष्पादन

WhatsApp Channel Join Now
जेएलकेएम के शिविर में 41 मामलों का त्वरित निष्पादन


रांची, 02 जून (हि.स.)।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो की पहल पर मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सिल्ली में जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई, जिसमें 41 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया।

वहीं अन्य शिकायतों को आवश्यक प्रक्रिया के तहत संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेएलकेएम आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। आगे भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे।

उन्होंंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। शिविर में सिल्ली प्रखंड की लगभग सभी 20 पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। देर शाम तक चली जनसुनवाई में लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी। शिविर में राशन कार्ड, आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, मनरेगा, पेयजल, साइकिल वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर सुनवाई की गई। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों की जांच कर कई मामलों का तत्काल समाधान किया, जबकि शेष मामलों को नियमानुसार प्रक्रियाधीन रखा गया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार, अंचल निरीक्षक दीपक मिंज, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अशोक कुमार, हल्का कर्मचारी भुवनेश्वर सिंह और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुमित कुमार लाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम में जेएलकेएम के कृष्णा महतो, जाकिर खान, हरे कृष्णा महतो, महावीर प्रसाद साहू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story