निर्देश पर चौक चौराहों पर पेयजल का हुआ इंतजाम
रामगढ़, 25 मई (हि.स.)। जिले में भीषण गर्मी से जनता को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश जारी किया था। इसके बाद जिले के सभी सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल के इंतजाम किए गए हैं। भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए डीसी ऋतुराज के निर्देश पर जिले भर में आम नागरिकों की सुविधा के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
डीसी की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आम लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। सभी संबंधित कार्यालयों के बाहर आमजनों के लिए पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पियाऊ संचालित किए जा रहे हैं। वहां नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा इसकी सतत निगरानी भी की जा रही है। इसके अतिरिक्त खराब पड़े चापाकलों और जलापूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में भी त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जहां आवश्यकता महसूस की जा रही है वहां वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि गर्मी के इस मौसम में आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। डीसी ने आमजनों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें और आवश्यक होने पर ही धूप में बाहर निकलें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

