सावन की पहली सोमवारी पर फर्जी साधु ने ठग लिए दो महिलाओं से जेवर

WhatsApp Channel Join Now
सावन की पहली सोमवारी पर फर्जी साधु ने ठग लिए दो महिलाओं से जेवर


रामगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन की पहली सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए सभी शिवालियों में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं इस दाैरान घर से बाहर निकल रही महिलाओं को फर्जी साधु बनकर डगों ने भी चांदी काटी। शहर के नई सराय में दो महिलाओं को फर्जी साधु बनकर ठगों ने लूट लिया। उन महिलाओं को फर्जी साधुओं ने ऐसे झांसे में लिया कि महिलाओं ने खुद ही सारे जेवर उतार कर उन्हें दे दिए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसके बाद यह पूरा मामला रामगढ़ शहर में चर्चा का विषय बन गया।

नई सराय में जिन दो महिलाओं के जेवर ठगों ने लूटे इसकी सूचना पुलिस तक भी पहुंची। हालांकि पीड़ित महिलाओं या उनके परिजन थाने तक नहीं पहुंचे, लेकिन वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंच गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि सीसीटीवी में तीन लोग दो महिलाओं से बातचीत करते हुए दिख रहे हैं। कुछ मिनटों की बातचीत के बाद उन दोनों महिलाओं ने अपने जेवर खुद उतार कर उन्हें दिए। इसके बाद बाइक पर सवार होकर तीनों ठग फरार हो गए। उस बाइक और उन तीन युवकों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story