लाइसेंसी दुकानदारों पर धौंस दिखा रहा पूर्व सेल्समैन

WhatsApp Channel Join Now

रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत वेस्ट बोकारो क्षेत्र में नकली शराब बिक्री का मामला जब सामने आया तो उत्पाद विभाग काफी सक्रिय हो गया। गुरुवार को उत्पाद विभाग के सहायक उत्पाद आयुक्त अरविंद कुजूर ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में यह स्पष्ट हुआ की शिकायतकर्ता पंकज कुमार सिंह शराब दुकान में ही पहले काम करता था।

जब झारखंड में सरकारी शराब दुकान का संचालन होता था तो पंकज कुमार सिंह उसमें सेल्समैन था इसके बाद जब राज्य सरकार के निर्देश पर सरकारी दुकानों का निजीकरण हुआ, तो उस समय पंकज कुमार सिंह ने अपना धौंस दिखाना शुरू किया। जिन लोगों ने ऑक्शन पर केदला क्षेत्र में दुकानें ली थी, उन लोगों ने पंकज कुमार सिंह को ही सेल्समैन के रूप में रखा। लेकिन वह बिना बताए दुकान से अनुपस्थित रहता था। साथ ही उसने अपनी मनमानी करने का प्रयास किया।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पंकज निजी शराब दुकान लाइसेंस धारकों पर अपना धौंस दिखाना चाहता है। जब शराब दुकान के मालिकों ने उसे दुकान से निकाल दिया तो उसने झूठा और बेबुनियाद आरोप लगाना शुरू किया। सबसे बड़ी बात यह है की दुकान में सेल्समैन रखने का अधिकार लाइसेंसधारी व्यक्ति का है, न कि उत्पाद विभाग का। इस मामले में अभी तक कहीं से भी नकली शराब बिक्री का मामला सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story