झारखंड वित्त सेवा के प्रशिक्षणरत पदाधिकारियों ने किया विधानसभा का भ्रमण
रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)।
झारखंड वित्त सेवा और सहकारिता सेवा के प्रशिक्षणरत पदाधिकारियों ने शनिवार को झारखंड विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं और संसदीय परंपराओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। मौके पर पदाधिकारियों को बताया गया कि सत्र के दौरान विधानसभा कैसे संचालित होती है। समितियों का गठन और उनका कार्य किस प्रकार होता है। इसके साथ ही विधायी प्रक्रिया की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
भ्रमण के क्रम में पदाधिकारियों ने विधानसभा के सभा कक्ष, पुस्तकालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया।
मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद सभी पदाधिकारी विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाएंगे, जहां जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक और अन्य नेताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में संतुलन और शिष्टाचार को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अधिकारियों को हर परिस्थिति में संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही उन्होंने वारंट ऑफ प्रीसिडेंस के तहत राज्य के प्रोटोकॉल और पदानुक्रम की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की सलाह दी।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष ने सभी प्रशिक्षु पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निष्ठा और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

