जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें अधिकारी : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें अधिकारी : उपायुक्त


रांची, 12 जून (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।

समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में उपविकास आयुक्त, संजय भगत, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर कुमार रजत, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में जनगणना कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों की ओर से उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। जनगणना कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित या घर बंद पाए गए हैं, वहां भारत सरकार एवं जनगणना निदेशालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनः संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाताओं की मैपिंग के लिए 13 और 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचायें।

मैपिंग कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो

उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्धारित समय पर कार्य शुरू हो और सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी हो।

उपायुक्त ने कहा कि मैपिंग कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक बीएलओ को इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी एईआरओ के पद रिक्त हैं, वहां जल्द रिक्ति भरें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की पदस्थापना हो और सभी बीएलओ सक्रिय रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने बीएलओ पर्यवेक्षकों (बीएलओ सुपरवाइजर) को भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से प्रतिनियुक्त बीएलए-2 की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

लॉटरी में सेलेक्ट सभी छात्रों का नामांकन लें स्कूल

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों के 25 प्रतिशत सीट पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक का निर्देशित किया कि प्रथम चरण में लॉटरी में सेलेक्ट सभी छात्रों का नामांकन स्कूल लें।

आगामी प्रमुख कार्यक्रमों एवं पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक समय पर करने को कहा।

राजस्व संबंधी शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह इस विषय पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि एक सक्षम पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया जाए, जो शिकायतों के आधार पर जरूरी रिपोर्ट और आरोप-पत्र तैयार करने सहित संबंधित कार्रवाई को त्वरित रूप से आगे बढ़ा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story