रामगढ़ में एसपी अजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने किया मतदान
रामगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नगर परिषद चुनाव के दौरान सोमवार को रामगढ़ जिले के अधिकारियों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। छत्तरमांडू वार्ड 28 के बूथ नंबर 1, 2, 3 और 4 पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम मतदाता सूची में शामिल थे, जहां उन्होंने पहुंचकर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
रामगढ़ पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार, अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि, गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) प्रियंका कुजूर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम तथा एनआईसी प्रभारी बिरेंद्र कुमार सहित कई अधिकारियों ने मतदान किया।
मतदान के बाद एसपी अजय कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण होता है और यह मतदान बैलेट पेपर से हो रहा है, इसलिए विशेष सजगता के साथ वोट डालने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता घर से निकलकर पहले मतदान करें।
पूरे क्षेत्र में चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। लगभग सभी वार्डों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो एक सजग और जागरूक लोकतंत्र का संकेत है।-------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

