ओथ संस्था ने बच्चों के बीच बांटी शिक्षण सामग्री
रांची, 27 जून (हि.स.)।
सामाजिक संस्था ओथ की ओर से रातू रोड स्थित खड़गड़ा सब्जी मंडी के समीप शनिवार को दुर्गा शंकर मंदिर परिसर में सैकड़ों बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया।
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की बात पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को पढाई के लिए प्रेरित किया गया। ट्रस्टी दीपक बंका ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही बच्चे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं और देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
वहीं अमित कुमार ने कहा कि संस्था आगे भी जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
संस्था की ओर से संचालित शिक्षा दान महादान अभियान के तहत बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था के ट्रस्टी दीपक बंका और सदस्य अमित कुमार ने बच्चों से संवाद कर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की।
इस अवसर पर रंजीत कुमार गुप्ता, नित्य गुप्ता, रोहन तोप्पो, आकांक्षा बड़ाईक, सोहन बड़ाईक, बरखा खलखो और मेघा खलखो सहित सैकड़ों बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर और कटर जैसी शिक्षण सामग्री और बिस्कुट-चॉकलेट वितरित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

