फ्लाई ऐश ढुलाई में लगे चालकों का हंगामा, दिया धरना
चतरा, 02 नवंबर (हि.स.)। एनटीपीसी टंडवा प्लांट से फ्लाई ऐश के परिवहन में लगे वाहन चालकों ने सोमवार को बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर जमकर हंगामा किया।
आक्रोशित चालकों ने एनटीपीसी कोल गेट के समीप सड़क पर धरना देकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे कुछ देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा। धरना दे रहे चालकों ने आरोप लगाया कि प्लांट परिसर में उनके लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। लंबे समय तक काम करने के बावजूद उन्हें आराम करने के लिए उचित स्थान नहीं मिलता है।
वहीं भोजन के लिए कैंटीन की भी व्यवस्था नहीं है। चालकों ने कांटा घर से ओएस सड़क की जर्जर स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि खराब सड़क के कारण भारी वाहनों के परिचालन में परेशानी होती है।
मामले की जानकारी मिलने पर एनटीपीसी प्रबंधन ने धरना दे रहे चालकों से वार्ता की। प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा कारणों से कैंटीन बंद की गई थी, जिसे जल्द ही दोबारा चालू किया जाएगा। वहीं जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। प्रबंधन के आश्वासन के बाद चालकों ने धरना समाप्त कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

