एनटीपीसी की पहल से प्रभावित परिवारों के 30 युवाओं ने पूरा किया कौशल प्रशिक्षण
रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। एनटीपीसी लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहल के तहत हजारीबाग की कोयला खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के 30 युवाओं ने पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में सात महीने का आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शुक्रवार को टाटीसिलवे स्थित फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रशिक्षण केंद्र में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।
एनटीपीसी की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज चैरिटेबल ट्रस्ट ने किया। युवाओं ने पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के ‘गेस्ट सर्विस एसोसिएट (फूड एंड बेवरेज)’ पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक कौशल प्रदान किया गया।
समारोह में एनटीपीसी माइनिंग मुख्यालय के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रभात राम ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी क्षमता और कौशल को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समर्पण और कड़ी मेहनत नए अवसरों के द्वार खोलने के साथ जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल व्यावसायिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि परियोजना प्रभावित युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य में निवेश है। रोजगार, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराकर एनटीपीसी प्रभावित समुदायों के लिए सार्थक और दीर्घकालिक सीएसआर पहल को बढ़ावा दे रही है।
प्रभात राम ने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य परियोजना प्रभावित युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ाना और उन्हें स्थायी आजीविका के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के लिए तैयार किया गया है।
समारोह में फ्रंटलाइन ग्लोबल सर्विसेज चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

