राष्ट्रीय सेवा योजना की बैठक में 126 प्लस-टू उच्च विद्यालयों के अकाउंट खोलने का निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय सेवा योजना की बैठक में 126 प्लस-टू उच्च विद्यालयों के अकाउंट खोलने का निर्णय


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सह राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को निदेशालय कार्यालय में एनएसएस की राज्य स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में राज्य के विद्यालयों में एनएसएस के प्रभावी संचालन, वित्तीय प्रबंधन और प्रशिक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

राज्य नोडल पदाधिकारी सह क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक नीलम आईलीन टोप्पो ने बताया कि राज्य के 126 प्लस-टू उच्च विद्यालयों में राष्ट्रीय सेवा योजना संचालित है। उन्होंने कहा कि नए दिशा-निर्देशों के तहत सभी विद्यालयों को भारतीय स्टेट बैंक में जीरो बैलेंस सब्सिडियरी अकाउंट खोलना है। अब तक 43 विद्यालयों में खाते खोले जा चुके हैं, जबकि शेष विद्यालयों में प्रक्रिया जारी है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि एनएसएस मद की उपलब्ध राशि संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी 126 विद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारियों का दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण जेसीईआरटी, रातू में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में एनएसएस गतिविधियों के संचालन, वित्तीय प्रबंधन, लेखा संधारण एवं पीएफएमएस प्रणाली से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में राज्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों एवं विद्यालय स्तर पर एनएसएस कोषांग गठित करने और राज्य नोडल पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में विनय कुमार, अलका जायसवाल, कुमार हर्ष, डॉ किशोर सुरिन सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story