रामगढ़ में तीन दिनों तक रहेगी भारी वाहनों की नो-एंट्री

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में तीन दिनों तक रहेगी भारी वाहनों की नो-एंट्री


रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और धनतेरस के अवसर पर रामगढ़ शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम की समस्या से बचाने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

डीसी ऋतुराज के निर्देश पर एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने यातायात व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत छह नवंबर से आठ नवंबर तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात एक बजे तक रामगढ़ शहर में ट्रक, बस और सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार शनिचरा हाट से थाना चौक तक दोनों तरफ भारी वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह पटेल चौक से रांची रोड तक दोनों तरफ और बंजारी से सुभाष चौक तक दोनों ओर भारी एवं मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

एसडीओ ने यातायात पुलिस को नो-एंट्री व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही शहर में ऑटो सहित अन्य सवारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने और प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी सभी थाना प्रभारियों और अंचल अधिकारियों को दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने शहरवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान जारी यातायात नियमों और रूट प्लान का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story