झारखंड के खनिज और राजस्व अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के खनिज और राजस्व अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं : इरफान


रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। झारखंड की अपनी जमीन पर खनिज है, ऐसे में राज्य के राजस्व अधिकारों को सीमित करने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में संसद से पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर निशाना साधा।

उन्होंने इस बिल को झारखंड के खनिज और राजस्व अधिकारों पर सीधा हमला बताया है।

मंत्री ने कहा कि झारखंड के विकास और गरीब और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए राज्य के राजस्व अधिकारों की रक्षा जरूरी है। केंद्र सरकार के इस फैसले के खिलाफ सदन से सड़क तक आवाज उठाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर झारखंड से दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा। जंतर-मंतर पर भी अपनी बात रखी जाएगी।

उन्होंने भाजपा पर झारखंड, आदिवासी और मूलवासी जनता के अधिकारों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि झारखंड शांतिप्रिय राज्य है, लेकिन अपने अधिकारों के लिए कमजोर नहीं है। आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए राज्य अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आखिरी दम तक लड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story