आदिवासी युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ने की जरूरत : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
आदिवासी युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ने की जरूरत : सांसद


पूर्वी सिंहभूम, 18 नवम्बर (हि.स.)। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में बुधवार को आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की सोच और संघर्ष आज भी आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और पहचान की रक्षा के लिए प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि जल,जंगल और जमीन की रक्षा के साथ जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,कौशल विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

विद्युत वरण महतो ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन इसका लाभ स्थानीय आदिवासी युवाओं तक पहुंचना चाहिए। सरकार, उद्योग और विभिन्न संस्थानों को सीएसआर के माध्यम से दूरदराज और पिछड़े गांवों तक शिक्षा,कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा के साहस,आत्मसम्मान और संघर्ष की भावना को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ.संदीप घोष चौधरी ने कहा कि संस्थान वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ झारखंड के युवाओं के कौशल विकास और वैज्ञानिक जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने एमएसएमई के माध्यम से उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

समारोह समिति के अध्यक्ष डॉ. परीक्षित मुंडा ने बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिक डॉ.अनीमेष जाना ने जिज्ञासा कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक जागरूकता की जानकारी दी। प्रशासन नियंत्रक जयशंकर शरण ने संस्थान की जनजातीय उत्थान संबंधी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में पद्मश्री जमुना टुडू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जंगलों की रक्षा के अपने संघर्ष और 400 से अधिक वन सुरक्षा समितियों के गठन की यात्रा साझा करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी है। इस अवसर पर करीब 210 जनजातीय विद्यार्थी, शिक्षक और एनएमएल कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story