निशिकांत दुबे ने एम्स परिसर में अत्याधुनिक रक्त केंद्र का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
निशिकांत दुबे ने एम्स परिसर में अत्याधुनिक रक्त केंद्र का किया उद्घाटन


देवघर, 02 जून (हि.स.)। मंगलवार को देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, देवघर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने एम्स परिसर में अत्याधुनिक रक्त केंद्र (ब्लड बैंक) का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर एम्स के अधिकारी, चिकित्सक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थेे। सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने फीता काटकर रक्त केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रक्त केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह संथाल परगना क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। प्रधानमंत्री की ओर से देवघर में एम्स की स्थापना किए जाने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

सांसद ने कहा कि नए रक्त केंद्र के माध्यम से रक्त की बर्बादी को रोका जा सकेगा और रक्त के विभिन्न घटकों—प्लाज्मा, आरबीसी (रेड ब्लड सेल्स) और प्लेटलेट्स—को अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

सांसद ने कहा कि जिस क्षेत्र में वर्ष 2009 तक एक एक्स-रे मशीन की भी समुचित सुविधा नहीं थी, वहां आज अत्याधुनिक एम्स संचालित हो रहा है। ऐसे में यह रक्त केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने वाला साबित होगा।

उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता सबसे अधिक आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों में होती है और अब यह सुविधा एम्स में उपलब्ध रहेगी। एम्स प्रबंधन ने बताया कि रक्त केंद्र के संचालन से न केवल देवघर बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान डॉ नितिन एम गंगाने सहित एम्स के चिकित्सक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story