निशा भगत आत्महत्या मामला: सीबीआई ने तत्कालीन थाना प्रभारी से की पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now
निशा भगत आत्महत्या मामला: सीबीआई ने तत्कालीन थाना प्रभारी से की पूछताछ


निशा भगत आत्महत्या मामला: सीबीआई ने तत्कालीन थाना प्रभारी से की पूछताछ


रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल गुत्थी को सुलझाने के लिए सीबीआई की टीम लगातार संदिग्धों और मामले से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ कर रही है।

जांच के इसी क्रम में एजेंसी ने पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से भी पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई हैं। एजेंसी ने सतीश पांडे से मामले की शुरुआती पुलिसिया जांच घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और केस डायरी से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए। शुरुआती जांच के दौरान अपनाई गई प्रक्रियाओं को लेकर एजेंसी ने उनका बयान दर्ज किया है जिसे इस केस की आगे की तफ्तीश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे पहले, सीबीआई की टीम ने पिछले दो दिनों के भीतर इस मामले के नामजद आरोपितों ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की से कई घंटों तक गहन पूछताछ की थी।

पूछताछ के दौरान एजेंसी ने दोनों आरोपितों के ठिकानों और उनके पास से कई डिजिटल डिवाइस मोबाइल फोन, लैपटॉप और मामले से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया है। जब्त किए गए इन डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए मौत के पीछे के असली कारणों और साजिश का खुलासा किया जा सके।

वहीं दूसरी ओर आदिवासी नेता निशा भगत मौत मामले में निशा भगत के पिता हांदु भगत ने भी अपना बयान जांच एजेंसी को दिया है।

उन्होंने बताया कि सीबीआई की जांच शुरू होने से परिवार की उम्मीदें जगी है। इससे पहले पुलिस के रवैये से हताश-निराश थे। बेटी निशा की मौत के बाद से ही हमारी नजरें सीबीआई की ओर लगी थी। अब साजिश करने वालों के लिए बचना मुश्किल होगा।

रांची पुलिस की एसआईटी ने फिर कोई संपर्क साधा है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अब पुलिस का इस केस में काम क्या है। इससे पहले गुमला आए पुलिस अधिकारियों को उन्होंने विनम्रता से बयान देने से मना कर दिया था। पुलिस की जांच पर पहले ही दिन से कोई भरोसा नहीं था। इस बीच सीबीआई के सामने हमने अपनी बात बतायी है। आगे जांच एजेंसी को जब भी जरूरत होगी, वह उपस्थित हो जाएंगे।

भगत ने बताया कि वे अपने स्तर से कई जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य हासिल करने की कोशिशों में जुटे हैं। इसे वे जांच एजेंसी की इजाजत पर जल्दी ही उपलब्ध करा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर झारखंड सरकार ने 10 नवंबर को सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 14 नवंबर को केंद्रीय एजेंसी ने पिठोरिया थाना में दर्ज कांड संख्या 0114/2026 की जांच अपने हाथ में ले ली। सीबीआई ने नामजद आरोपित अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी ने दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-वन में आरसी 04820226एस 0007 के तहत भी नया मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।

बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने आने की बात कहकर फोन काट दिया था।

इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने निशा के फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story