झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रदर्शित होगी डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्मला की दुनिया

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रदर्शित होगी डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्मला की दुनिया


देवघर, 16 जून (हि.स.)। शिक्षाविद् निर्मला ठाकुर के जीवन और उनके सामाजिक-शैक्षणिक योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘निर्मला की दुनिया’ का चयन चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 की प्रतियोगिता श्रेणी में किया गया है। यह फिल्म आगामी 26, 27 और 28 जून को रांची स्थित सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित की जाएगी।

चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल का आयोजन झारखंड के फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और स्थानीय सिनेमा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस वर्ष फेस्टिवल के लिए कुल 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। फिल्मों के अवलोकन और मूल्यांकन के लिए ज्यूरी पैनल की दो दिवसीय बैठक जमशेदपुर में आयोजित की गई, जिसमें गहन अध्ययन और परीक्षण के बाद 67 फिल्मों का चयन प्रतियोगिता के लिए किया गया।

चयनित फिल्मों में देवघर की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘निर्मला की दुनिया’ भी शामिल है।

यह डॉक्यूमेंट्री शिक्षाविद् निर्मला ठाकुर के जीवन, व्यक्तित्व, उनके शैक्षणिक योगदान और समाज में उनकी ओर से किए गए उल्लेखनीय कार्यों को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म के माध्यम से उनके संघर्ष, उपलब्धियों और प्रेरणादायी जीवन यात्रा को दर्शाने का प्रयास किया गया है। मौलिक फिल्म्स की प्रस्तुति इस फिल्म के छायाकार बबलू साह हैं, जबकि पब्लिसिटी डिजाइन का कार्य उदयेश रवि ने किया है।

फिल्म के निर्माता, परिकल्पनाकार और निर्देशक शत्रुघ्न प्रसाद हैं। फिल्म के चयन से देवघर के कला एवं सांस्कृतिक जगत में उत्साह का माहौल है। स्थानीय कलाकारों और सिने प्रेमियों ने इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। इस फिल्म के माध्यम से देवघर की प्रतिभा और स्थानीय विषयवस्तु को राज्य स्तर पर एक नया मंच मिलने जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story